बिरकिट्टी में पीएम श्री विद्यालय भवन निर्माण पर सवाल, ग्रामीणों ने DC से जांच की मांग |

बिरकिट्टी में पीएम श्री विद्यालय भवन निर्माण पर सवाल, ग्रामीणों ने DC से जांच की मांग |

महेशपुर प्रखंड के बिरकिट्टी गांव में निर्माणाधीन पीएम श्री ए/एस बिरकिट्टी विद्यालय भवन के निर्माण कार्य में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और बिना सूचना पट लगाए काम कराने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में पाकुड़ उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। उपायुक्त को दिए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि करीब दो-तीन माह पूर्व जिला स्तर से विद्यालय के दो मंजिला भवन निर्माण की स्वीकृति मिली थी। शिकायत के अनुसार फिलहाल निर्माण कार्य एक मंजिल तक पहुंचा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया ईंट, बालू, कम गुणवत्ता वाले सीमेंट और सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री द्वारा पूर्व में भी विद्यालय परिसर में एक भवन एवं चारदिवारी का निर्माण कराया गया था, जिसकी गुणवत्ता को लेकर ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। शिकायत में कहा गया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने और काम रोकने की बात कहने पर ग्रामीणों को कथित रूप से मारपीट की धमकी दी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर अब तक सूचना पट भी नहीं लगाया गया है, जबकि काम लगातार जारी है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की अतिशीघ्र जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। हालांकि, निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि पूरे मामले में विद्यालय प्रबंधन को कुछ नहीं बताया गया है, लिहाजा इसकी लिखित शिकायत उपायुक्त के पास करनी चाहिए।