कैमूर में बारिश शुरू होते ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। महज 24 घंटे के भीतर सांप के काटने से तीन लोगों की मौत हो गई है। ताजा मामला चांद थाना क्षेत्र के बिऊरी गांव का है, जहां फर्श पर सो रही 13 वर्षीय किशोरी खुशबू कुमारी को जहरीले सांप ने काट लिया। परिजनों के मुताबिक, सांप के काटने के बाद किशोरी को पहले झाड़फूंक के लिए ले जाया गया।

हालत में सुधार नहीं होने पर उसे चांद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। इससे एक दिन पहले कुदरा थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में सर्पदंश से दो सगे भाइयों की मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बीच लोगों से अपील है कि सांप काटने पर झाड़फूंक में समय न गंवाएं और तुरंत अस्पताल पहुंचें, जहां एंटी-स्नेक वेनम से इलाज संभव है।
