जयराम महतो की CM हेमंत सोरेन से अपील, आज ही छात्रों से करें बातचीत |

जयराम महतो की CM हेमंत सोरेन से अपील, आज ही छात्रों से करें बातचीत |

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में विधायक जयराम महतो ने रांची में चल रहे छात्र आंदोलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि सरकार बिना किसी देरी के आंदोलनरत छात्रों के बीच जाकर उनके प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करे, ताकि उनकी मांगों का जल्द समाधान निकाला जा सके।

जयराम महतो ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए होना चाहिए और सरकार को इस दिशा में तत्काल पहल करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मानसून सत्र के दौरान भर्ती घोटाले के मुद्दे पर सदन में कम से कम दो घंटे की विशेष चर्चा कराने की मांग भी रखी। उन्होंने झारखंड में सूखे जैसी गंभीर स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा और राहत एवं बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। जयराम महतो ने कहा कि इन जनहित के मुद्दों पर सदन में गंभीर बहस होनी चाहिए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर राहत मिल सके।