धनबाद जिला प्रशासन तथा बैंक ऑफ इंडिया सोशल फाउंडेशन की संयुक्त पहल के तहत बेलगड़िया के युवाओं को उन्नत डिजिटल एवं व्यावसायिक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से ‘डी-युवा’ (धनबाद युथ अपग्रेडेशन थ्रू वोकेशनल एंड एडवांस्ड डिजीटल स्कील्स) कार्यक्रम का शुभारंभ आज आइआइटी (आइएसएम) में किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, आइआइटी (आइएसएम) के प्रोफेसर धीरज कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के जोनल मैनेजर श्री दिनेश प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बेलगड़िया के युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त करने का यह स्वर्णिम अवसर है। इस योजना को धरातल पर उतारने के जिला प्रशासन विगत एक साल से प्रयासरत था। आइआइटी (आइएसएम) जैसे संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करना बेलगड़िया के युवाओं के लिए गौरवशाली क्षण है। सभी युवाओं को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य जिले के युवाओं, विशेष रूप से बेलगड़िया के युवाओं, को आधुनिक तकनीक, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एंट्री और ऑफिस असिस्टेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन, डेटा साइंस, पायथन-आधारित डेटा क्यूरेशन और एनोटेशन व वेब डेवलपमेंट शामिल हैं। डिजिटल कौशल में सक्षम बनाकर उन्हें भविष्य के रोजगार एवं अवसरों के लिए तैयार करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उनको आधुनिक कंप्यूटर

लैब और विशेषज्ञ मार्गदर्शकों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनमें कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए सबसे श्रेष्ठ कार्यक्रमों में से एक है। सभी युवा इसका पूरा फ़ायदा उठाएँ। उन्होंने कहा यहां प्रशिक्षण लेने वाले युवा खुशकिस्मत हैं कि उनको देश के सबसे अच्छे सेंटर में ट्रेनिंग मिल रही है। यहां से मिला प्रशिक्षण हमेशा उनकी मदद करेगा। कार्यक्रम को बैंक ऑफ़ इंडिया के जोनल मैनेजर श्री दिनेश प्रसाद व आइआइटी आइएसएम के प्रोफेसर धीरज कुमार ने भी संबोधित किया। दोनों ने डिजिटल साक्षरता, भविष्य की चुनौतियां, डिजिटल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा इत्यादि पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर सहायक श्रम आयुक्त श्री प्रवीण कुमार एवं ए.सी.आइ.सी. आइआइटी (आइएसएम) फाउंडेशन की सीईओ डॉ आकांक्षा सिन्हा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद उपायुक्त ने आधुनिक कंप्यूटर लैब का भ्रमण किया। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और घोषणा की कि हर बैच में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा को कंप्यूटर या टैबलेट दिया जाएगा। साथ में कहा कि यदि प्रशिक्षण ले रहे 10-12 युवा आसपास के स्कूल-कॉलेज में प्रशिक्षण जारी करना चाहेंगे तो उनके लिए छुट्टी के बाद भी क्लास करने की व्यवस्था जिला प्रशासन सुनिश्चित करेगा। मौके पर बैंक ऑफ़ इंडिया के डिप्टी ज़ोनल मैनेजर श्री अवरतनु चंदा, एलडीएम श्री अमित कुमार, बीओआइ कंबाइंड बिल्डिंग ब्रांच के मैनेजर श्री अभिजीत गुप्ता, बैंक ऑफ़ इंडिया ज़ोनल ऑफिस के पदाधिकारी, डीएमएफटी टीम लीडर श्री शैलेश तिवारी के अलावा बड़ी संख्या में बेलगड़िया से प्रशिक्षण प्राप्त करने आए युवा तथा उनके अभिभावक उपस्थित थे।

