भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार शाम 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले पांच वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ था, लेकिन कुछ समय पहले कैंसर दोबारा लौट आया, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उनके बिजनेस मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है। अंतिम संस्कार बुधवार को किए जाने की संभावना है। प्रदीप रावत ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए।

आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘गजनी’ में उनके खलनायक के किरदार ने उन्हें देशभर में नई पहचान दिलाई। इसके अलावा ‘लगान’, ‘सरफरोश’, ‘सिंह इज़ ब्लिंग’ और कई हिंदी, तमिल, तेलुगु तथा अन्य भाषाओं की फिल्मों में उन्होंने अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ी। टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का उनका किरदार भी काफी लोकप्रिय रहा। प्रदीप रावत के निधन की खबर से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। कई कलाकारों और फिल्मी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया है।

