देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली और करंट लगने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। झारखंड में मंगलवार को गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरिडीह में सबसे अधिक 8 लोगों, दुमका में 3 और लातेहार में 2 लोगों की जान गई। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से 3 लोगों की मौत हो गई। देवरिया में मोबाइल चार्ज करते समय 8 वर्षीय

बच्ची की मौत हो गई, एटा में ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक की जान चली गई, जबकि लखनऊ में एक मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी की घरेलू बिजली के संपर्क में आने से मृत्यु हो गई। इस बीच, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं, कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

