ब्राजील में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई धमाकों से दहला पूरा इलाका |

ब्राजील में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई धमाकों से दहला पूरा इलाका |

ब्राजील के साओ पाउलो महानगर क्षेत्र के इटाक्वाकेसेतुबा में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग के साथ कई जोरदार धमाके भी हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में ज्वलनशील सॉल्वेंट से भरे 24 बड़े टैंक मौजूद थे, जिनमें से कई में विस्फोट हो चुका है। हादसे में फैक्ट्री परिसर में खड़े कई वाहन भी जलकर नष्ट हो गए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

घटना के बाद फैक्ट्री को एहतियातन खाली करा लिया गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां और रासायनिक आपदा विशेषज्ञ आग पर काबू पाने में जुटे हैं। इलाके को पुलिस और सिविल डिफेंस ने घेर लिया है।

आग से उठता काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों के अंदर रहने, दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और धुएं से बचने की अपील की है। आग लगने के कारणों की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद जांच की जाएगी।