झारखंड की राजधानी रांची के जयराम सिंह स्टेडियम में JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, देवेंद्रनाथ महतो भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और जांच एजेंसियां दिन-रात काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही छात्रों और राज्य की जनता के सामने तथ्य रखे जाएंगे तथा छात्रों को न्याय मिलेगा। उधर, कल्पना सोरेन ने भी कहा कि सरकार इस मुद्दे का समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है। गौरतलब है कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के बाद कथित OMR शीट वायरल होने से विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई और CID जांच के आदेश दिए गए।

