राजधानी दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। आसमान में घने काले बादल छाए रहने से दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे, और कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल

सकती हैं। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल समेत कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

