नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में पाकुड़ की युवा कवयित्री स्वास्तिका ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। मेरा युवा भारत और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

अपनी प्रभावशाली कविता के जरिए स्वास्तिका ने नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया। जिला स्तर पर जीत दर्ज करने के बाद अब वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाकुड़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्वास्तिका इससे पहले भी चार बार राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और कई राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन और शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

