12वें वेतन बोर्ड को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर सीएमएसआई सीटू की ओर से बांसड़ा कोलियरी परिसर में एक सभा आयोजित की गई। बैठक में कोयला श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा केंद्र सरकार और कोल इंडिया प्रबंधन से 12वें वेतन बोर्ड की सिफारिशों को जल्द लागू करने की मांग की गई। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि 12वें वेतन बोर्ड के गठन और उसके क्रियान्वयन में हो रही देरी के कारण कोयला श्रमिकों में व्यापक असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि श्रमिक लंबे समय से नए वेतनमान और अन्य सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में प्रबंधन को श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से

जल्द वेतन बोर्ड लागू करना चाहिए। वही नेताओं ने कहा कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो श्रमिकों को व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने सभी श्रमिकों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया। इस मौके पर सुजीत भट्टाचार्य, असगर अली, कलीमुद्दीन खान, संजय मंडल, अनुपम मुखर्जी तथा आनंद कर्मकार उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने श्रमिकों से संगठन को मजबूत करने और अपनी जायज मांगों के समर्थन में एकजुट रहने की अपील की।

