इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पुष्टि की है कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर तीखा हमला बोला। नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि ममदानी यहूदी-विरोधी माहौल को बढ़ावा दे रहे हैं और हमास के समर्थकों का पक्ष ले रहे हैं।

दरअसल, ममदानी ने पहले नेतन्याहू को “युद्ध अपराधी” बताते हुए कहा था कि न्यूयॉर्क में उनका स्वागत नहीं है और उनकी गिरफ्तारी पर भी बयान दिया था। बाद में ममदानी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी का अधिकार स्थानीय प्रशासन के पास नहीं, बल्कि संघीय सरकार के पास है। इस पूरे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिका में रहते हुए नेतन्याहू को किसी भी स्थिति में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। अब सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान इस विवाद पर दुनिया की नजर रहेगी।

