झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हजारीबाग पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पिछले दो महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 139 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। शनिवार को पुलिस कार्यालय हजारीबाग में आयोजित एक विशेष शिविर में इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी

साफ नजर आई। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार, मुफस्सिल थाना के पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वरी महतो सहित तकनीकी शाखा के कई पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। हजारीबाग पुलिस की इस पहल से लोगों का पुलिस और CEIR पोर्टल पर भरोसा और मजबूत हुआ।

