रानीगंज के ऐतिहासिक सियारसोल राजबाड़ी में आयोजित उल्टा रथ मेले के दौरान पुलिस और रथ मेला समिति के स्वयंसेवकों की सतर्कता से एक कथित पॉकेटमार गिरोह के करीब 10 संदिग्ध सदस्यों को पकड़कर पंजाबी मोड़ फाड़ी पुलिस के हवाले किया गया। आरोप है कि भीड़ का लाभ उठाकर ये लोग श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, के मोबाइल फोन और पर्स चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों में एक पुरुष तथा बाकि महिलाएं हैं। पुलिस ने सभी से पूछताछ शुरू कर दी है। समिति की सदस्य अनुराधा मालिया सराफ ने

बताया कि रथ मेले में पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार पुलिस और स्वयंसेवकों की संयुक्त सतर्कता से संदिग्धों को समय रहते पकड़ लिया गया। वही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मनीष सिंह ने बताया कि मेले में चोरी की शिकायत करने वाले श्रद्धालुओं का विवरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को तलाशी के दौरान चोरी का सामान बरामद होने की उम्मीद है, जिससे पीड़ितों को उनका सामान वापस मिल सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

