हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में लोग भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना, रोजगार, मुआवजा भुगतान और सड़क जैसी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। जनता दरबार में वन पट्टा, ख़ासमहल भूमि, पीसी पथ निर्माण, ऑनलाइन रसीद निर्गमन और पारिवारिक विवाद से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी

आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई हो। सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है। उपायुक्त ने प्रगति की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

