दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध तथा पेपर लीक मामले को लेकर अब बिहार में भी आंदोलन तेज होता दिख रहा है। कैमूर जिले के भभुआ में सोमवार को सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने राजद के समर्थन से शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट परीक्षा निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग कर रहे थे। आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसडीएम, डीएसपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जिला समाहरणालय जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई और मुख्य गेट

भी बंद रखा गया, जिससे प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। कैमूर एसपी ने बताया कि छात्रों को बिजली कॉलोनी से एकता चौक तक मार्च निकालने की अनुमति दी गई थी। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की बात कही। पुलिस ने उनकी बात संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी शांतिपूर्वक लौट गए। एसपी ने अपील की कि छात्र अपनी मांगें शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से रखें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
