तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ऐतिहासिक महत्व वाले तेलंगाना विधानसभा भवन में चल रहे मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पूरे विधानसभा परिसर का दौरा कर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को लेकर कई आवश्यक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार, मंत्री अडलूरी लक्ष्मण, सरकारी मुख्य सचेतक तथा कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मरम्मत और संरक्षण कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। सरकार का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर के रूप में पहचान रखने वाले विधानसभा भवन की मूल संरचना और विरासत को सुरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है।

