दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन एक बार फिर हिंसक हो गया। बुधवार रात कनॉट प्लेस के टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव और बोतलों से हमला कर दिया। इस हमले में कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके सिर पर डंडे से वार किया गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घेर लिया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

इस बीच, पुलिस सूत्रों का कहना है कि इंटरनेट प्रतिबंध के बावजूद कुछ इलाकों में SMS के जरिए लगातार संदेश भेजे जाने की जांच की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में किसी भी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, छात्र आंदोलन अब दिल्ली से निकलकर पटना भी पहुंच गया है, जहां राजभवन मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को नियंत्रित किया।

