बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच उस समय तनाव बढ़ गया, जब बीजेपी ने प्रधानमंत्री आवास के पास राहुल गांधी के धरने के विरोध में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने किया। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र के पास धरना देकर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता किया है।

प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और पत्थरबाजी में बदल गई। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और हालात को नियंत्रित किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।

