जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में मूसलाधार बारिश, बादल फटने और फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। पुंछ के लोरान इलाके में भूस्खलन से एक मकान पूरी तरह ढह गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं पूरे पुंछ जिले में बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि राजौरी में एक महिला समेत 2 लोगों की जान चली गई।

इस तरह दोनों जिलों में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई मकान, पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और SDRF की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

