हजारीबाग के कुम्हारटोली स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर गुरुवार को युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नवम से द्वादश तक के लगभग 500 भैया-बहनों और आचार्य बंधु-भगिनियों ने भाग लिया। संवाद में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और नागरिक कर्तव्य पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हजारीबाग के जिला संघचालक वासुदेव कुशवाहा और विभाग प्रचारक प्रमुख अभिजीत

कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्वच्छता, सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को एक आदर्श नागरिक का कर्तव्य बताया। साथ ही स्वाधारित जीवन, आत्मगौरव, संस्कार, आत्मनिर्भरता और प्रकृति प्रेम को राष्ट्र निर्माण का सशक्त मार्ग बताया। विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने कहा कि चर्चा-वार्ता के माध्यम से विद्यार्थी पांच परिवर्तन के तहत नागरिक कर्तव्य और स्व-बोध को आत्मसात करें। कार्यक्रम में युवाओं से इन संकल्पों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

