रामगढ़ के चितरपुर प्रखंड स्थित पोना पर्वत धाम में रथ द्वितीया के पावन अवसर पर भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। पर्वत के शिखर पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
दिनभर श्रद्धालु लंबी और कठिन चढ़ाई कर मंदिर पहुंचते रहे। पहाड़ की चोटी से यहां की आध्यात्मिक और प्राकृतिक छटा को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे। चारों ओर “जय जगन्नाथ” के जयकारे और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा।

पोना पंचायत के पंसस प्रतिनिधि प्रदीप कुमार ने बताया कि यह एक ऐतिहासिक धर्म स्थल है। इसके समुचित विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा।
आचार्य रामशरण गिरी ने कहा कि पोना पर्वत धाम की महिमा अपरंपार है। यहां आने वाले सभी भक्तों की मनोकामनाएं भगवान जगन्नाथ पूरी करते हैं।

