जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी ग्राम पंचायत अंतर्गत कुनुस्तोड़िया स्थित बाबा होटल के समीप श्मशान घाट की भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध सभा आयोजित कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से अंतिम संस्कार के लिए उपयोग में आने वाली इस पारंपरिक श्मशान भूमि पर डंपरों से राख (छाई) भरकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है तथा श्मशान परिसर और पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विरोध के बाद एक बार काम रोक दिया गया था, लेकिन अगले दिन फिर से डंपरों के जरिए भराई शुरू कर दी गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, जिसके बाद संबंधित लोग काम बंद करके वहां से चले गए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। विरोध सभा में ग्रामीणों ने श्मशान भूमि को

अतिक्रमण से मुक्त रखने, कथित भूमि माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच तथा श्मशान घाट के विकास और सुरक्षा की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि यह श्मशान घाट वर्षो से जामुड़िया के तपसी ग्राम पंचायत के साथ-साथ रानीगंज के अमरासोता ग्राम पंचायत क्षेत्र के कई गांवों के लोगों के लिए भी अंतिम संस्कार का प्रमुख स्थल है, इसलिए इसकी सुरक्षा जनहित से जुड़ा विषय है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की शिकायत कई बार पंचायत प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। इस मौके पर खोरु रुईदास, राकेश गिरी, तपन बाउरी, बाबन रुईदास, जीतन रुईदास, भादू रुईदास, सुखी रुईदास, लीला गोराई, लीलू कोड़ा, अशोक रुईदास, धनु रुईदास, प्रसंजीत बनर्जी, अजीत कोड़ा, सिबराम मंडल, आदित्य बाउरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

