कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी, जिसके विरोध में डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा ठप कर दी। जानकारी के अनुसार, बरकत नगर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से गुरफान खान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों ने

आरोप लगाया कि डॉक्टर ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने मारपीट की। वहीं, डॉक्टर ने पुलिस की मौजूदगी में हमला होने और पुलिस के मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इमरजेंसी सेवा जारी है, जबकि डॉक्टरों के विरोध के चलते ओपीडी सेवा प्रभावित रही। मामले की जांच की जा रही है।
