निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित SIR कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मतदान केंद्र संख्या 213, 409 एवं 410 का निरीक्षण कर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-2 बैठकों का उद्देश्य अब तक संपन्न पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करना है। उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों, डिजिटाइजेशन की प्रगति, सत्यापित एवं मैप किए गए मतदाताओं की संख्या, शेष अनमैप मतदाताओं की स्थिति तथा तैयार की गई एएसडीडी सूची को बीएलए-2 के साथ साझा कर उसकी बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। यदि सूची में किसी प्रकार की शंका, त्रुटि अथवा आपत्ति हो तो उसे तत्काल दर्ज कर आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आगामी चरण के पुनरीक्षण

कार्य पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न हो सकें। उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन एवं अन्य सभी आवेदन निर्धारित समयसीमा में निष्पादित किए जाएं।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा सूची का पूर्णतः अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलए-2 एवं संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मौके पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2 एवं अन्य उपस्थित थे।

