धनबाद के झरिया में रविवार रात शराब दुकान के पास हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग जीप का शीशा टूट गया। घटना कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के पास की है।
बताया जा रहा है कि पुलिस हंगामा कर रहे युवकों को हटाने का प्रयास कर रही थी। तभी भीड़ में शामिल एक युवक ने पुलिस वाहन पर पत्थर फेंक दिया, जिससे जीप का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पास की गुलगुलिया पट्टी में एक शादी समारोह चल रहा था और उसी समारोह में शामिल कुछ युवक शराब दुकान के पास हंगामा कर रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

