बोकारो के बेरमो थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ ने अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.800 टन कच्चा कोयला और दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कारो क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सीआईएसएफ की टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गए।

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में अवैध कोयला बरामद हुआ, लेकिन परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद सीसीएल प्रबंधन के संपत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर जब्त कोयला और दोनों वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेरमो पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, यह मामला खान एवं खनिज अधिनियम 1957 का उल्लंघन है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय कोयला तस्करों में हड़कंप मच गया है।
