उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित किया है। अलग-अलग हादसों में कई लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से फील्ड में रहकर राहत एवं

बचाव कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने को कहा है। संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद समेत कई जिलों में बिजली गिरने, दीवार ढहने और जलभराव से जनहानि हुई है। मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

