हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिद्दी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद स्कॉर्पियो, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियारबंद अपराधी गिद्दी से मांडू की ओर जा रहे हैं। इसके बाद कनकी

मोड़ पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने और लूट, रंगदारी व फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
