कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और झारखंड प्रभारी के. राजू ने हजारीबाग के केरेडारी प्रखंड स्थित बसरिया गांव का दौरा कर एनटीपीसी की बीजीआर माइंस परियोजना से प्रभावित रैयतों और विस्थापित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और परियोजना से जुड़े कथित उत्पीड़न व विस्थापन के मुद्दों पर चिंता जताई। के. राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी रैयतों और विस्थापितों के हक और अधिकार की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बसरिया बाजार टांड़ में ग्रामीणों ने झारखंड प्रभारी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने प्रदेश महासचिव सुरजीत नागवाला के आवास पर भी पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।

