हजारीबाग के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग में विद्या भारती की ओर से विभाग स्तरीय समिति सदस्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस सम्मेलन में विद्यालयों के प्रभावी संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रबंधन समितियों की भूमिका को सशक्त बनाने पर व्यापक मंथन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या विकास समिति के अध्यक्ष रामावतार नरसरिया, प्रदेश सचिव नकुल शर्मा, उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सम्मेलन में हजारीबाग विभाग के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, संकुल प्रमुख और प्रबंधन समिति के सदस्य शामिल हुए। मुख्य वक्ताओं ने संस्कारयुक्त शिक्षा, अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर प्रशासनिक समन्वय पर जोर दिया। संवाद सत्र में विद्यालय संचालन से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन का समापन विद्यालयों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक विकास के सामूहिक संकल्प तथा शांति मंत्र के साथ किया गया।

