धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर पुलिस ने 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार, झारखंड और ओडिशा के रहने वाले लोग शामिल हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से 12 एंड्रॉयड मोबाइल, 17 एटीएम कार्ड, 17 सिम कार्ड, बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, दो चेकबुक, एक पासबुक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव के अनुसार, यह गिरोह साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर अवैध लेनदेन में मदद करता था। पुलिस ने साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब गिरोह के मुख्य सरगना और इससे जुड़े अन्य नेटवर्क तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
