धनबाद में साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी राहत की खबर सामने आई है। कविता शुक्ला उर्फ डॉक्टर कविता शुक्ला को ऑनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनका बैंक खाता खुलवाया और सत्यापन के नाम पर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में इसी खाते का इस्तेमाल कथित साइबर ठगी में किया गया, जिसके चलते उनके खिलाफ साइबर थाना धनबाद में मामला दर्ज हुआ।

हालांकि, झारखंड हाई कोर्ट से उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई। इसके बाद उन्होंने धनबाद की विशेष साइबर अदालत में समर्पण कर बंध-पत्र दाखिल किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को कविता शुक्ला के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। जांच रिपोर्ट के आधार पर विशेष साइबर न्यायाधीश ने उन्हें आरोपों से मुक्त कर दिया। यह मामला साइबर ठगों द्वारा नौकरी के नाम पर लोगों के बैंक खातों के दुरुपयोग का एक गंभीर उदाहरण माना जा रहा है।

