टीएमसी नेताओं से कथित मारपीट मामले में अधिवक्ता ने दर्ज कराई शिकायत |

टीएमसी नेताओं से कथित मारपीट मामले में अधिवक्ता ने दर्ज कराई शिकायत |

पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों, विशेषकर आसनसोल समेत कई इलाकों में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट, सार्वजनिक रूप से रस्सी से बांधकर घुमाने तथा दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर विरोध तेज हो गया है। इस मामले को गंभीर मानते हुए अधिवक्ता अभिषेक रूइदास ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में लिखित शिकायत दर्ज कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अपने शिकायत पत्र में उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस प्रकार का अमानवीय व्यवहार कानून के शासन के विरुद्ध है और इससे कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।अभिषेक रूइदास ने कहा कि किसी भी आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने का अधिकार केवल पुलिस और न्यायालय को है। किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना, मारपीट करना या रस्सी से बांधकर घुमाना पूरी तरह गैरकानूनी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी कोई जगह नहीं है। इधर, इन घटनाओं को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। विभिन्न राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दबाव बढ़ गया है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।