एडीएमएएस विश्वविद्यालय, कोलकाता द्वारा आयोजित BIRAC सम्मेलन में डॉ केके गुप्ता रहे पैनल सदस्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता से उभरते खतरों पर भी हुआ विमर्श एडीएमएएस विश्वविद्यालय, कोलकाता के BIRAC (बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल) केंद्र द्वारा आयोजित निर्वाचिका सभा में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के जन्तु विज्ञान विभाग के डॉ. के. के. गुप्ता ने पैनल सदस्य के रूप में सहभागिता की। विनोबा भावे विश्वविद्यालय लौटने पर सोमवार को उन्होंने यह जानकारी दी। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर जन्तुविज्ञान के शोध छात्र सतीश एवं सुरेश तथा विद्यार्थी अभिषेक, अनुपम और प्रभात ने भी भाग लिया।

सम्मेलन में चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुसंधान कार्यों में राक BIRAC केंद्र से मिलने वाली तकनीकी एवं वित्तीय सहायता की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। सभा में बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR), नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उपायों पर भी चर्चा हुई। साथ ही, विज्ञान के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को BIRAC की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक सप्ताह के फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा उन्हें अपने शोध को व्यावहारिक और व्यावसायिक रूप देने के अवसर प्रदान करते हैं। BIRAC की विभिन्न योजनाएँ युवा शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती हैं। मौके पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के खतरों पर भी विमर्श आयोजित किए गए।

