पाकुड़ सूचना भवन में आयोजित जिला परिषद की बैठक के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक जिप सदस्य ने जिला परिषद अध्यक्ष पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने के आरोप लगाए। हालांकि बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला परिषद अध्यक्ष जूली ख्रिस्टमुनि हेंब्रम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, विद्युत, सिंचाई, कृषि, सहकारिता, समाज कल्याण और आपूर्ति विभाग समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित

करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि सहित सभी जिप सदस्य मौजूद रहे। इसी दौरान जिप सदस्य पिंकी मंडल ने जिला परिषद अध्यक्ष पर सदस्यों से संपर्क नहीं रखने और पिछले एक वर्ष से उनका फोन ब्लॉक रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार कार्यालय से भी उन्हें बैरंग लौटना पड़ा, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि इन आरोपों पर जिला परिषद अध्यक्ष या संबंधित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

