94 साल की बुजुर्ग ने छोड़ी अमेरिकी नागरिकता, बोलीं- आखिरी सांस भारत में लेना चाहती हूं

94 साल की बुजुर्ग ने छोड़ी अमेरिकी नागरिकता, बोलीं- आखिरी सांस भारत में लेना चाहती हूं

आंध्र प्रदेश की 94 वर्षीय कोंद्रगुंटा महालक्ष्मीम्मा इन दिनों अपनी भावुक अपील को लेकर चर्चा में हैं। करीब दो दशक पहले अमेरिकी नागरिकता लेने वाली महालक्ष्मीम्मा ने अब अपनी अमेरिकी नागरिकता छोड़ दी है और दोबारा भारतीय नागरिक बनने की इच्छा जताई है। उन्होंने बापटला जिला कलेक्टर से मुलाकात कर नागरिकता प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की।

महालक्ष्मीम्मा का कहना है कि उनकी अंतिम इच्छा है कि वे अपनी मातृभूमि भारत में एक भारतीय नागरिक के रूप में अंतिम सांस लें और उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही हो। जिला प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर मामला आगे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी मातृभूमि के प्रति भावनात्मक जुड़ाव की सराहना कर रहे हैं।