पाकुड़ के चाँदपुर टोटो चेक पोस्ट पर कथित अवैध वसूली और टोटो चालकों को डराने-धमकाने के आरोपों को लेकर मामला फिर गरमा गया है। जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को दोबारा आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि 4 जून को भी इस संबंध में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक

कार्रवाई नहीं हुई। आवेदन में पूछा गया है कि यदि टोटो चालकों से कोई शुल्क लिया जा रहा है तो वह किस विभाग के आदेश पर और किस कानूनी आधार पर लिया जा रहा है, साथ ही वसूली गई राशि किस मद में जमा होती है। पिंकी मंडल ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पारदर्शिता और कानून के समान पालन के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा।

